नॉएडा : किसानों के समर्थन में पदयात्रा निकाल रहे सैकड़ों सपा कार्यकर्ता गिरफ्तार, पुलिस से हुई नोंकझोंक

आंदोलित किसानों के पक्ष में पद यात्रा निकाल रहे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गौतमबुद्ध नगर के तमाम छोटे बड़े नेताओ और कार्यकर्ताओं ने इस काले कानून के खिलाफ अपनी अपनी गिरफ्तारी दी.
केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। बसों में बैठाकर सभी को पुलिस लाइन ले जाया गया है।
हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के किसान केंद्र सरकार के कानूनों की खिलाफत कर रहे हैं। पिछले 2 सप्ताह से किसान गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में दिल्ली की सीमा पर डटे हुए हैं। किसानों का समर्थन करने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज प्रदेश व्यापी प्रदर्शन की घोषणा की है। जिसके तहत समाजवादी पार्टी सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसी सिलसिले में सोमवार की सुबह जिलेभर से समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता नोएडा में पार्टी कार्यालय पर एकत्र होने लगे। दोपहर करीब 10 :00 बजे इन लोगों ने पार्टी कार्यालय से पदयात्रा शुरू की पहले से मौजूद पुलिस ने रोक लिया। पुलिस और पीएसी के अफसरों ने इन लोगों से आगे नहीं बढ़ने के लिए कहा। इस पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की।
पार्टी के पूर्व प्रत्याशी सुनील चौधरी ने कहा, मौजूदा भारतीय जनता पार्टी की सरकार सरकारें किसान, मजदूर, नौजवान और गरीब के खिलाफ काम करने वाली हैं। केंद्र सरकार ने किसानों को तबाह करने के लिए नए कानून बनाए हैं। खेती-बाड़ी को भी अब कॉरपोरेट घरानों को सौंपने की साजिश रची जा रही है। जिसके खिलाफ पिछले 2 सप्ताह से पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसान आंदोलन कर रहे हैं। दिल्ली को चारों ओर से किसान घेरकर बैठे हैं। सरकार केवल बातचीत करने का नाटक करके किसानों को परेशान कर रही है। इस भीषण ठंड के बीच खुले में किसान सड़कों पर रात गुजार रहे हैं। किसानों को टेंट तक लगाने की इजाजत नहीं दी जा रही है। इसके पीछे सरकार की मंशा किसानों के आंदोलन को लंबा खींचना है। जिससे यहां आंदोलन कमजोर पड़ जाए।”

सपा युवजन सभा के पूर्व अध्यक्ष आश्रय गुप्ता ने कहा, समाजवादी पार्टी केंद्र सरकार की इस साजिश को कामयाब नहीं होने देगी। हम लोग किसानों की मांगों के साथ हैं। किसानों का समर्थन करते हैं। किसानों ने 8 दिसंबर को भारत बंद का ऐलान किया है, उस दिन भी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता किसानों के साथ खड़े होंगे। पुलिस ने इन लोगों को समझाया कि इस वक्त गौतमबुद्ध नगर में धारा 144 लगी हुई है। महामारी अधिनियम पहले से ही केंद्र और राज्य सरकार ने लागू कर रखा है। आप लोगों के इस प्रदर्शन की वजह से कोरोनावायरस का संक्रमण फैल सकता है। लिहाजा, इतनी बड़ी संख्या में आप लोगों के एकत्र नहीं हो सकते हैं। अधिकारियों की ओर से यह जानकारी मिलने के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। सारे कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर ही धरना देने लगे। पुलिस ने गिरफ्तारी करने की कोशिश की तो तीखी नोकझोंक भी हुई है।