समाजवादी पार्टी का सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर हल्ला बोल

समाजवादी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सोमवार सुबह सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया। सैकड़ों समर्थकों ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। समाजवादी पार्टी के नेताओं का कहना है कि उत्तर प्रदेश सरकार जनविरोधी सरकार है। आम आदमी परेशान है। युवा बेरोजगार भटक रहा है। किसान बदहाल हैं। अपराध अपने चरम पर है। राज्य में बहन-बेटियाँ सुरक्षित नहीं हैं

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सोमवार की सुबह पूर्व प्रत्याशी सुनील चौधरी ,दीपक विग और रेशपाल अवाना के नेतृत्व में नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय पर पहुंचे। रेशपाल अवाना ने कहा उत्तर प्रदेश सरकार जनविरोधी सरकार है। राज्य में अपराध चरम पर है। घर से निकलते ही लोगों को लूटा जा रहा है। दिन के उजाले में हत्या होती है। अपराधियों का मनोबल शीर्ष पर है।
दीपक विग ने कहा रोजाना प्रदेश में पुलिस एनकाउंटर के नाम पर गोली चला रही है। यही वजह है कि राज्य में अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेता चाल, चरित्र और चेहरे की बात करते थे। आज इस महामारी के दौर में ऑक्सीमीटर खरीदने के लिए भी बड़े पैमाने पर राज्य में भ्रष्टाचार किया गया है। इससे इस सरकार के चरित्र का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए, सुनील चौधरी ने कहा, “आम आदमी की सुनने वाला कोई नहीं है।” जन प्रतिनिधि एयर कंडीशनर कमरों का आनंद ले रहे हैं। दूसरी तरफ युवा बेरोजगार भटक रहा है। नौकरी नहीं है। व्यवसाय एक ठहराव पर हैं। गौतमबुद्धनगर में अपराध चरम पर है। पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम सफल नहीं रहा है।
रोजाना जिले में हत्याएं हो रही हैं। गौरव चंदेल हत्याकांड का खुलासा करने में पुलिस को 9 महीने लगे हैं। नोएडा में बीटेक के छात्र अक्षय कालरा की हत्या कर दी गई है। अब तक इस मामले में पुलिस को कोई सुराग नहीं लगा है। शहर के लोगों में दहशत व्याप्त है।